Tuesday, May 17, 2011

लौटी न ललकार गुरुत्वाकर्षण कम है


लौटी न ललकार गुरुत्वाकर्षण कम है,
चिल्लाहट बेकार गुरुत्वाकर्षण कम है,
रूखा-रूखा बासी-बासी,उतरी जैसे फोटो कॉपी,
अलसभोर का ख़्वाब बहुत बूढा बेदम है,
लौटी न ललकार गुरुत्वाकर्षण कम है,
जब वो तुच्छ हुआ करता था,
कुछ ना कुच्छ हुआ करता था,
बदहवास सा क्षितिज़ पकङने,
नंगे पाँव भगा करता था
रूधिर बना तालाब गये शैवाल से जम हैं
लौटी न ललकार गुरुत्वाकर्षण कम है,
सुप्त बुलबुले स्वप्न गगन में लुप्त हो गये
अमल आज के आज,त्वरित आश्वस्त हो गये;
हर दिन था जो खिन्न हाथ उसके परचम है
लौटी न ललकार गुरुत्वाकर्षण कम है,
क्या अलब्ध है स्वर्ग?अलाभित श्रेयस्कर है?
या उपेक्षा मंत्र,समालोचन उत्तर है,
'रुपक' तथ्य ,प्रमेय,सूत्र ये सारे भ्रम हैं
लौटी न ललकार गुरुत्वाकर्षण कम है 
चिल्लाहट बेकार गुरुत्वाकर्षण कम है
रुपक

Friday, January 28, 2011

क्या भारत रत्न सचिन के योग्य है?


हाल ही में बुद्धू बक्से के अधोभाग मे चमचमाने वाली खबरों में से एक पर सहसा द्रष्टि ठहर गयी। 'मास्टर ब्लास्टर सचिन रमेश तेंदुलकर का नाम भारत रत्न के लिये प्रस्तावित',"सचिन" ये नाम सुनकर सबके  चेहरे पर एक अद्भुत सी प्रसन्नता की लहर दौङ जाती है। जाति,संप्रदाय,भाषा और विविध बंधनों में जकङा भारत का हर व्यक्ति मात्र इसी नाम पर सहमति रखता है,ये नाम मनुष्यवाद का पर्याय बन चुका है और अवश्य ही औपचारिक या अनौपचारिक रुप से भारत का अमूल्य रत्न है। नाम जिसे सुनते ही कलम बहकने लगती है और प्रष्ठ कम पङने लगते हैं,किंतु वापस ख़बर पर आते हुऐ विचार करते हैं "क्या भारत रत्न सचिन के योग्य है' या अंग्रेज़ी में अधिक सहज प्रश्न होगा 'Does Bharat Ratna Deserve Sachin?'
प्रश्न भ्रकुटि तानने वाला हो सकता है किंतु भारत रत्न का इतिहास निराश करता है,भारत का सर्वोच्च सम्मान जो दिया जाता है कला,विग्यान,साहित्य या उच्च कोटि के जनसेवा के कार्यों के लिये,इसे प्राप्त करने वाला व्यक्ति भारत के अति विशिष्ट नागरिकों की श्रेणी में सातवें पायदान पर आता है,और बहुत विशिष्ट स्थान रखता है.
आज तक 41 व्यक्तियों को यह सम्मान दिया जा चुका है,जिसमें से दो गैर भारतीय 'ख़ान अब्दुल ग़फ्फा़र खा़न' और 'नेल्सन मंडेला' भी शामिल हैं,जानकारी से तो अंतरजाल पटा पङा है,भारत रत्न को भारत का नोबल समझने से पहले यह विदित रहे कि न तो इस सम्मान को देने का कोई कालक्रम न ही कार्यक्रम समझ आता है। न ही ऐसा है कि हर साल यह सम्मान दिया जाता हो और न ही सम्मान पाने वले सारे नाम मन में सहज ही सम्मान का भाव ला पाते हैं।
सत्रह राजनीति से संबंधित नाम प्रश्न उपस्थित करते हैं,क्या यह भी आत्म महिमा मंडन का कोई साधन है?
सम्मान दिये जाने में होने वाले लंबे अंतराल पूछते हैं 'क्या भारत में योग्य व्यक्तियों की कमी हो गई है?' कुछ वर्ष पूर्व अटल जी का नाम प्रस्तावित किये जाने के बाद खेला गया गंदा राजनीतिक खेल पुरस्कार की गरिमा में कुछ और दाग़ लगा जाता है,आनन फानन में प्रस्तावित किये जाने वाले नाम हास्यास्पद ही नहीं निराशाजनक थे।

बात को यहीं विराम लगाते हुए कुछ प्रश्न खुले छोङ रहा हूँ, चलो आज नहीं तो कभी न कभी तो सचिन भारत रत्न के औपचारिक धारक हो ही जायेंगे किंतु क्या तब तक ये सम्मान सचिन का सम्मान करने योग्य बचेगा? क्या तब तक हम अपने देश के इस सर्वोच्च सम्मान का सम्मान रख पायेंगे?

बङा आदमी 'मैं'-बङा आदमी 'मैं'-
मेरा राज देखो,मेरा ताज देखो,
झुकाओ ज़रा सर तो ऊँचा दिखूँगा,
न मुझको हिमाकत से तुम आज देखो,
ये साबित किया है,मुकुट ने भी मेरे,
अँधेरे में चमचम मेरा तेज है वो,
चकाचौंध पर कौंध कर न बरसना,
नज़ाकत से चुनने हैं अल्फाज़ देखो,
ओ यश के पुजारी ,ओ पौरुष के कायल
मुकुट के बिना भी क्या सरताज? देखो।
बङा आदमी 'मैं'-बङा आदमी 'मैं'-
मेरा राज देखो,मेरा ताज देखो,
रुपक

Tuesday, November 16, 2010

महाविकट औंघाई

Image Courtesy:http://www.clipartof.com/details/clipart/12165.html)

(परसाई जी ने अपने प्रसिद्ध व्यंग्य में 'निंदा रस' को सबसे उच्च स्थान दिया है,किंतु उससे भी अधिक सम्मोहित करने वाला रस है 'निद्रा रस', हममें से हर कोई बहुधा इसकी चपेट में आ ही जाता है,तब 'निद्रा-रस' के पाश में आने वाले की जो मानसिक व शारीरिक दशा होती है उसी का वर्णन करता है 'बघेली' भाषा में लिखा गया यह छंद,'बघेली' उत्तर-पूर्वी मध्य-प्रदेश मे बोली जाने वाली बोली है,रीवा,सतना,शहडोल,सीधी और अंचल के अन्य जिले इस बोली का प्रतिनिधित्व करते हैं,रचना में बघेली भाषा के सुने हुए शब्दों का प्रयोग किया गया है अतः संभावित व्याकरण त्रुटि के लिये रचनाकार क्षमाप्रार्थी है सुधार के लिये टिप्पणीयों का सहर्ष स्वागत है)
 
महाविकट औंघाई
 
मूङ* तऊ पिरात*, रात मा अघात* भर लगी,
आँखि मुँदर जात,छीँट-छीँट भर दिहेन नदी,
चार ठे मनई* दिखैं हजार के बरात कस,
बिरबा* कस झूम रहेन,हमका बिन पिये चढी।
 
टूटि गै तमाम देह,फुरिन* कहेन राम देह,
दानव बन देह मा समाई,
जम्हाई के जमाई महाविकट औंघाई*।

जैसन भन्नात मूङ,लप्पङ* पा जात मूङ,
फेरौ लङियात मूङ,जिद्दी जल्लाद मूङ,
सोन चाँदी रुपिया पैसा सबका लगा सतैसा*,
चूल्हबा मा जाय धमाई,
दानव बन देह मा समाई,
जम्हाई के जमाई महाविकट औंघाई।
 
तजबीज* लै बिहन्ने* से, राति से सकन्ने* से,
कूकुर* चौकन्ने से,दिद्दा*,बूटू*,मुन्ने से,
सोयेन पसार गोङ*,बेच के हजार घोङ,
जिउ के जेऊनार* नॆ लगाई,
दानव बन देह मा समाई,
जम्हाई के जमाई महाविकट औंघाई।
 
सेंत* बिल्लियाबा* ना,संचे* होय जाबा ना,
खोतङी* खजुआबा ना,दरबारै लगाबा ना,
'रुपक' वा रोमय* से ना जाई,
जना दानव के घोटकी* चपाई*,
 
दानव बन देह मा समाई,
जम्हाई के जमाई महाविकट औंघाई।
'रुपक'
(बघेली शब्दार्थः:
मूङ-सर-head;पिरात-दर्द-pain;अघात-संतोषजनक-more than enough;मनई-लोग-people;बिरबा-पेङ-tree;फुरिन-वास्तव मे-really/I swear;औंघाई-निद्रा-feeling sleepy/sleeping (v);लप्पङ-तमाचा-slap;सतैसा-एक प्रकार का अपशकुन-jinx;तजबीज-पूछ-ताछ-enquiry;बिहन्ने-सुबह-morning;सकन्ने-सुबह-morning;कूकुर-कुत्ता-dog;दिद्दा-दादी-grand mother,बूटू-छोटी बच्ची-little girl;गोङ-पैर-legs;जेऊनार-दोपहर का खाना-lunch;सेंत-अकारण-unnecessarily;बिल्लियाबा-परेशान होना-worrying;संचे-शांत-pacify;खोतङी-खोपङी-skull/head;रोमय-रोने से-crying;घोटकी-गला-neck;चपाई-दबाना-pressing forcefully;)

Friday, October 1, 2010

लो झंडु बाम हुए,बाबरी* तेरे लिये..


कुछ भी नहीं हुआ,कभी-कभी कुछ न होना भी पीङा देता है,मीडिया और सरकार ने आशंका का ऐसा वातावरण बना दिया कि कुछ न होना सालने लगा,भारत-पाकिस्तान के विश्व कप फाईनल जैसा रोमांच था,दफ्तर खाली,सङकें खाली स्कूल बंद,टी वी पर चिपके लोग,रोमांच का चरम,धैर्य की परीक्षा,प्रतीक्षा की पराकाष्ठा....और कुछ नहीं हुआ, विवादित की बंदर बाँट में सारे बंदर 'V' बानाकर नाचने लगे,कहीं किसी पेङ पर बैठे 'राम लखन सीता मन बसिया' खिसिया अवश्य गये होंगे विचित्र व्यवहार से।
सभी याचिकाकर्ता ३३ प्रतिशत अंको से उत्तीर्ण हो गये कोई मेधावी न रहा,समरसता ने नीरसता को जन्म दिया और नीरवता पंख फैलाने लगी,कुल मिलाकर कुछ भी नहीं हुआ।
राजनीति में मुर्दे उखाङने के लिये ही गाङे जाते हैं,मुखर क्रांतिकारी संयमित प्रतिक्रिया दे रहे हैं,उनका मन मुर्दों के पुनर्जन्म की उधेङबुन में लगा है,मुर्दा जो जब क़ब्र से निकलेगा अपने साथ सैकङों को लेकर जायेगा,ज़मीन के नीचे   इमारत के अवशेष हैं और दिमाग के नीचे मुर्दों के,भूमिगत खण्डहर पढे जा सकते हैं,जातिगत खण्डहर नहीं;
कुछ हास्य मिश्रित प्रतिकार रस वाली प्रतिक्रियाऐं बाँटने का मन कर रहा है "यदि अजमल क़सब ताज में क़ब्ज़ा करके 300  वर्ष तक उपासना करता रहे तो क्या ताज उसका हो गया?" "बाबर को हम अपना पूर्वज नहीं मानते वो एक बर्बर शासक था और बहुत सारे धर्म विरुद्ध कार्य किये" ( सोर्सः विभिन्न चिठ्ठो पर प्काशित टिप्पणियाँ)
एक जिम्मेदार और सर्वाधिक प्रचलित अंग्रेज़ी समाचार पत्र की हेडलाईन थी " विवादित भूमि का दो हिस्सा हिंदुओं का एक हिस्सा मुस्लिम का" फैसला आने से अब तक यही एक ऐसी लाईन थी जो चीख-चीख कर उकसा रही थी "कुछ भी नहीं हुआ..कुछ तो हो"
"जनता समझदार है"सब यही बोलते दिखे, और मुँह मे माईक ठूँसकर पूछे कई सवाल,सारे सवालों का भावार्थ एक ही था"आपको गुस्सा नहीं आ रहा है? नहीं तो क्यों नहीं? कब आयेगा गुस्सा?आना तो अवश्यंभावी है , देखते हैं कैसे नहीं आयेगा़!!"
स्वप्न और रोमांच नीरस जीवन में चटखारा लगाते हैं,भारतवर्ष समारोह का आदी होता जा रहा है,समारोह प्रसन्नता का हो या विषाद का,कर्मठता का या उन्माद का,स्वयं का या पङोसी का, कुछ होना चाहिए,कुछ न होना सालता है,नीरसता डसती है,आत्मंथन करवाने लगती है,स्वयं की किसे पङी है,अपने बारे में कल भी सोच लेंगे,या अगले जनम में, आज तो गाते हैं:
 

हिस्सों मे राम हुए,बाबरी* तेरे लिये,
लो झंडु बाम हुए,बाबरी तेरे लिये,
 

हिस्सों के ठाट नवाबी,शोर-शराबी,इंक़लाबी रे,
हँस के हज़्ज़ाम हुऐ,बाबरी तेरे लिये,
 

लो झंडु बाम हुए,बाबरी तेरे लिये,
'रुपक'

(*क्रपया बाबरी का शाब्दिक अर्थ न लें,यहाँ तात्पर्य विवादित स्थल से है,यह तटस्थ पोस्ट है और किसी पक्ष का समर्थन नहीं करती,पढें और निर्धारित करें।)

Saturday, August 28, 2010

आरज़ू अनंत,मन घुमंत

आरज़ू अनंत,मन घुमंत बङा बेक़रार आज भी इसे है इंतज़ार,
है जो मिला,चलो मिला,न जो मिला,न क्यों मिला?
ख्वाहिशें ज्वलंत,भींचे दंत,कर रहा गुहार,आज भी इसे है इंतज़ार,
आरज़ू अनंत,मन घुमंत बङा बेक़रार आज भी इसे है इंतज़ार।
 
खोपङी की खाट में विराट जाल बुन गया,
खु़द की सोच सङ गयी,खु़द का मान घुन गया,
कॉपियाँ अनंत,कर तुरंत, बस रहा उतार,आज भी इसे है इंतज़ार,
आरज़ू अनंत,मन घुमंत बङा बेक़रार आज भी इसे है इंतज़ार।
 
अकबका गया ये,भकभका गया,गया जो कुछ,
म्यूज़ियम बना,हुआ न चार दिन नया जो कुछ,
बार-बार चीत्कार,और-और की पुकार,आज भी इसे है इंतज़ार,
आरज़ू अनंत,मन घुमंत बङा बेक़रार आज भी इसे है इंतज़ार।
 
ताक रख दिया है सच,झूठ बोलता है सच,
किरकिरे करे मेरे मज़े तो कुङकुङा है सच,
सत्य जामवंत,हनुमंत खोलता न द्वार,आज भी इसे है इंतज़ार,
आरज़ू अनंत,मन घुमंत बङा बेक़रार आज भी इसे है इंतज़ार।
 
ख़याल तितलियाँ रहे,तो लब्ध फूल सा रहे,
सुवास आस बन चले,प्रयास सूखता रहे,
शून्य से अनंत,बस भिङंत और धाङ-मार,कर न 'रुपक' ऐसा अत्याचार,
आरज़ू अनंत,मन घुमंत बङा बेक़रार आज भी इसे है इंतज़ार।
रुपक

Saturday, June 19, 2010

मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल


जज़्बाती बुलबुला गया, नाहक ही चुलबुला गया,
कहने को तिलमिला गया ये दिल,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।

उस ओट में उजास थी , जहाँ अनमनी उबास थी,
बिंदास बदहवास बेमंज़िल,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।

चंपाकली के गाँव के गुलशन में हैं ग़ुलाब,
तेज़ाब आब हो गई, पानी हुआ शराब,
जुही चाँदनी में जल गई, सूरज में गई खिल,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।

अरमान धूप में पङे,छत पर सुखाते बाल,
मुँह तल्ख़ियों के है दही,ख़्वाहिश बनी कव्वाल,
सब टाँट गाँठ बाँध के जुमला दिया उछाल,
गंभीर,गूढ मंत्रणा,बनवा रही है WILL,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।

बत्तिस तरह के टोटके,छत्तिस तरह के डर,
आये न वक़्त लौट के ,चौंतिस दफा़ फ़िकर,
बाइस छटाक के बचे,आधी बची उमर,
चौबीस घण्टियाँ रहे, पच्चीस की कसर,
ताने पचास बार के , सत्रह दफा़ VIGIL,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।

रद्दोबदल के दौर,बिछाते हुये लपेट,
जल्दी समेट फ़लसफे़ सब हो रहे हैं लेट,
आये ज़माने TWEET के, पकङे है तू सलेट,
वो पेट पेट ही नहीं जिसकी शकल न NET,
झकलेट! फिर भी आ गया,अनुबंध की चपेट,
'रुपक' हुआ बुरा,लिया चुरा,किया जटिल,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।

जज़्बाती बुलबुला गया, नाहक ही चुलबुला गया,
कहने को तिलमिला गया ये दिल,
मुश्किल,हुई मुश्किल,हुई मुश्किल।
'रुपक'

Saturday, June 12, 2010

हीलियम के हम ग़ुब्बारे


काँच,कीलें,पिन नुकीले,धूर्त धरती,छत,दीवारें
जल रहे धू-धू अंगारे,हीलियम के हम ग़ुब्बारे;

सब हमें ही ताकते हैं,साधते हम पर निशाना,
वो ज़माना लद गया , आसान था जब पार पाना,
जन्म से वो 'खल' मैं 'नायक' , वो 'कमीने' हम 'बेचारे',
जल रहे धू-धू अंगारे,हीलियम के हम ग़ुब्बारे;
 
साँस तक उनकी विषैली , सुन न लेना बात मैली,
है पहेली चाल उनकी,पुतलियाँ निर्मम कुचैली,
वो सँङाँधी खुले गठ्ठर, हम ज़वाहराती पिटारे,
जल रहे धू-धू अंगारे,हीलियम के हम ग़ुब्बारे,

कुछ ग़ुब्बारे भी नुकीले,ज़िस्म उग आयी हैं कीलें,
रंग धूसर,सुस्त उङानें,आ के मेरी ख़ाल छीलें,
भयाशंका, दगा़ शंका, हवा की नज़रें उतारें,
जल रहे धू-धू अंगारे,हीलियम के हम ग़ुब्बारे,

ऐ ग़ुब्बारे फूट जाना, ज़िस्म न पाना नुकीला,
रंग धूसर, सुस्त उङानें, क्षितिज का अरमाँ लचीला,
या कि 'रुपक' उङा करना, आस की डोरी सहारे,
हमको बस दिखते हैं तारे, हीलियम के हम ग़ुब्बारे।
 
रुपक

Feedback Form
Feedback Analytics